दिव्यांगजनों को अवसर, सम्मान और मंच प्रदान कर मुख्य धारा से जोड़ना है कार्यक्रम का उद्देश्य

सीहोर, 01 दिसंबर, 2025     कलेक्टर श्री बालागुरू के. के निर्देशानुसार 03 दिसंबर 2025 को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर जिलेभर में अनेक कार्यक्रम एवं गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इस अवसर पर जिला स्तरीय कार्यक्रम सीहोर पीएम कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस में प्रात: 10 बजे आयोजित किया जाएगा। जिले में यह सभी गतिविधियां आयोजित करने का उद्देश्य दिव्यांगजनों को अवसर, सम्मान और मंच प्रदान करना है, ताकि वे अपनी क्षमता का प्रदर्शन कर समाज में आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ सकें।

  कलेक्टर श्री बालागुरू के. द्वारा जारी निर्देशानुसार दिव्यांगजनों की प्रतिभा, क्षमताओं और अधिकारों को मुख्यधारा में लाने के उद्देश्य से पूरे जिले में खेलकूद प्रतियोगिताएं, सांस्कृतिक गतिविधियां और स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। जारी आदेशानुसार ब्लॉक एवं जिला स्तर पर एथलेटिक्स, व्हीलचेयर रेस, कबड्डी, क्रिकेट, हॉकी, फुटबॉल, टेबल-टेनिस, तैराकी, जत्था दौड़, बॉल थ्रो, 100 मीटर दौड़ सहित अनेक प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त दिव्यांगजनों की कला व हुनर को प्रदर्शित करने के लिए सांस्कृतिक कार्यक्रम, नृत्य, गीत, नाटक, चित्रकला, हस्तकला, मॉडल प्रदर्शनी एवं अन्य गतिविधियां भी होंगी।

   इस अवसर पर दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे, जिनमें दिव्यांग प्रमाण पत्र, स्वास्थ्य परीक्षण, सहायक उपकरण वितरण एवं परामर्श सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। स्कूलों में भी विविध गतिविधियां आयोजित की जाएंगी, जिनमें रैलियां, निबंध-चित्रकला प्रतियोगिताएं और जागरूकता कार्यक्रम शामिल होंगे। जिले में पंजीकृत दिव्यांगजनों को कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिए गए हैं।

Post a Comment

0 Comments