सीहोर, 08 दिसंबर, 2025 राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष-2025 (उत्तरार्द्ध) के लिए उप निर्वाचन कार्यक्रम घोषित किया गया है। सीहोर जिले में पंच के 08 और सरपंच का 01 पद रिक्त है, जिन पर उप निर्वाचन होगा। इसमें सीहोर जनपद की ग्राम पंचायत बिजलोन, धबोटी और भोजनगर शामिल हैं। इसी प्रकार आष्टा जनपद की ग्राम पंचायत भानाखेड़ी, डूका, झरखेड़ी, जताखेड़ा एवं लसूडिया हटेसिंग शामिल हैं। इछावर जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत बोरदीकलां भी शामिल है।
जारी कार्यक्रम अनुसार 08 दिसंबर 2025 को निर्वाचन की सूचना, सीटों के आरक्षण एवं मतदान केंद्रों की सूचना का प्रकाशन किया गया है तथा इसी तारीख से नाम निर्देशन-पत्र प्राप्त करने की प्रक्रिया प्रारंभ हो गई है। नाम निर्देशन पत्र प्राप्त करने की अंतिम तारीख 15 दिसंबर 2025 है। नाम निर्देशन-पत्रों की संवीक्षा (जाँच) 16 दिसंबर, अभ्यर्थिता से नाम वापस लेने, अभ्यर्थियों की सूची तैयार करने तथा निर्वाचन प्रतीकों के आवंटन की अंतिम तारीख 18 दिसंबर निर्धारित की गई है। मतदान 29 दिसंबर को होगा। इसी क्रम में केवल पंच पद के लिए मतदान केंद्र पर की जाने वाले मतगणना 29 दिसंबर को ही की जाएगी।
जारी कार्यक्रम अनुसार सरपंच, जनपद पंचायत सदस्य एवं जिला पंचायत सदस्य की विकासखण्ड मुख्यालय पर ईव्हीएम से की जाने वाली मतों की गणना 02 जनवरी 2026 को की जाएगी। सरपंच एवं जनपद पंचायत सदस्य पद के लिए मतों का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा और जिला पंचायत सदस्य पद के लिये मतों का विकासखण्ड स्तरीय सारणीकरण 02 जनवरी 2026 को होगा। पंच पद की मतदान केन्द्र पर की गई मतगणना का सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा और पंच पद की विकासखण्ड मुख्यालय पर की जाने वाली मतगणना, सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा 05 जनवरी 2026 को होगी। इसी प्रकार जिला पंचायत सदस्य पद के लिए मतों का जिला मुख्यालय पर सारणीकरण तथा निर्वाचन परिणाम की घोषणा भी 05 जनवरी को होगी।
0 Comments