अपर कलेक्टर ने किया आष्टा कृषि उपज मंडी का निरीक्षण सभी किसानों को भावांतर योजना का लाभ दिलाने के दिए निर्देश


सीहोर, 11 अक्टूबर, 2025 अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह ने आष्टा कृषि उपज मंडी का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने भावांतर योजना के पंजीयन की कार्रवाई देखी और योजना के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी सोयाबीन उत्पादक किसानों का भावांतर योजना में पंजीयन कराना सुनिश्चित कराएं, कोई भी किसान भावांतर योजना का लाभ पाने से वंचित न रहे।

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी प्रांगण के प्रवेश द्वार पर संचालित किए जा रहे हेल्प डेस्क का अवलोकन किया और तैनात कर्मचारियों को निर्देश दिए कि किसानों की तत्परता से सहायता की जाए। उन्होंने उस काउंटर का भी निरीक्षण किया जहां से किसानों को प्रवेश पर्चियां प्राप्त होंगी। निरीक्षण के दौरान अपर कलेक्टर को जानकारी दी गई कि पंजीकृत और अपंजीकृत किसानों की एक ही लाइन के लिए एक ही काउंटर की व्यवस्था की गई है। साथ ही सोयाबीन के अतिरिक्त अन्य कृषि उपज के लिए कृषक विश्रामगृह में अलग से कंप्यूटर और कंप्यूटर ऑपरेटर की व्यवस्था की गई है। ताकि किसान कृषक विश्रामगृह से प्रवेश पर्ची प्राप्त कर सके। इसके बाद अपर कलेक्टर श्री सिंह ने नीलाम शेड में जाकर कैमरो और सफाई की अन्य व्यवस्थाएं देखी।

    निरीक्षण के दौरान उन्होंने मंडी परिसर में साफ-सफाई, व्यवस्थापन और बुनियादी सुविधाओं की स्थिति देखी और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। उन्होंने निर्देश दिए कि किसानों को किसी भी प्रकार की परेशानी न हो, इसके लिए मंडी परिसर में सभी आवश्यक सुविधाएं दुरुस्त रखीं जाएं। उन्होंने कहा कि मंडी की प्रक्रियाओं को अधिक कुशल, पारदर्शी और किसान हितैषी बनाया जाए। निरीक्षण के दौरान मंडी सचिव श्री नरेंद्र मेश्राम सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments