सभी जरूरतमंद नागरिकों को दिलाया जाए रोजगार-स्वरोजगार योजनाओं का लाभ - कलेक्टर समय पर स्वीकृति और वितरित करें हितग्राहियों को ऋण - कलेक्टर प्रधानमंत्री आवास योजना से सभी पात्र नागरिकों को किया जाए लाभान्वित - कलेक्टर कलेक्टर ने की पीएम आवास एवं स्वरोजगार योजनाओं की समीक्षा


सीहोर, 10 अक्टूबर, 2025 कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में खाद्य प्रसंस्करण विभाग, जिला शहरी विकास अभिकरण, बैंकों अधिकारियों एवं अन्य स्वरोजगार विभागों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्यम उन्नयन योजना, पीएम आवास योजना शहरी 2.0, पीएम स्वनिधि पुर्नगठित योजना अन्य स्वरोजगार योजनाओं के संचालन की विस्तार से समीक्षा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ सुश्री सर्जना यादव ने अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि जिले के सभी जरूरतमंद नागरिकों को स्वरोजगार योजनाओं के तहत ऋण उपलब्ध कराया जाए ताकि वे रोजगार-स्वरोजगार से जुड़ सकें। उन्होंने कहा कि बिना कारण के आवेदकों के प्रकरण लंबे समय तक रोके न जाएं और निरस्त न किया जाएं। यदि आवेदन में कोई कमी है तो आवेदक को बताएं और उन्हें योजनाओं का लाभ दिलाएं। इसके साथ ही उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी योजनाओं के अंतर्गत स्वीकृत प्रकरणों की नियमित मॉनिटरिंग की जाए तथा बैंकों और विभागों के मध्य बेहतर समन्वय स्थापित कर लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि स्वरोजगार योजनाओं का अधिक से अधिक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक जरूरतमंद लाभार्थी इन योजनाओं से जुड़कर आत्मनिर्भर बन सकें। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी यह सुनिश्चित करे कि किसी भी पात्र आवेदक को अनावश्यक कारणों से वंचित न किया जाए।

   कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि स्वरोजगार योजनाओं के साथ-साथ प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) 2.0 के अंतर्गत भी पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिन आवेदनों में तकनीकी या दस्तावेजी कमियां हैं, उन्हें शीघ्र दूर किया जाए और पात्र आवेदकों को आवास स्वीकृत किए जाए। उन्होंने कहा कि नगरीय निकायों द्वारा आवास निर्माण की प्रगति का नियमित निरीक्षण किया जाए और निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि किसी भी योजना में लाभार्थी को अनावश्यक रूप से परेशान न होना पड़े, बल्कि उसे सभी आवश्यक सहायता प्रदान की जाए।

Post a Comment

0 Comments