
सीहोर। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव एवं मुख्य सचिव अनुराग जैन ने प्रदेश में 17 सितम्बर से 2 अक्टूवर तक चलने वाले सेवा पखवाड़ा में प्रदेश में अनेक गतिविधियाँ आयोजित किये जाने के संबंध में विडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक आयोजित कर सभी जिलों के कलेक्टर्स एवं संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। वीसी के पश्चात कलेक्टर बालागुरू के. ने सभी संबंधित अधिकारियों को जिले में सेवा पखवाड़ा के तहत गतिविधियां आयोजित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि 17 सितंबर को सेवा पखवाड़ा के साथ ही राष्ट्रीय पोषण माह एवं स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार अभियान का भी शुभारंभ होगा। उन्होंने कहा कि नगरीय विकास और पंचायत एवं ग्रामीण विकास सेवा पखवाड़ा के तहत आयोजित स्वच्छता कार्यक्रमों से जनता की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग यह प्रयास करें कि इन अभियानों के तहत आयोजित की जाने वाली गतिविधियों में जिला अव्वल स्थान पर रहे। अभियान के शुभारंभ अवसर पर आयोजित कार्यक्रमों में प्रधानमंत्री के कार्यक्रम का लाइव प्रसारण किया जाएगा। बैठक में कलेक्टर बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सेवा पखवाड़ा अभियान के तहत जिले के सभी ग्रामीण क्षेत्रों में गतिविधियां संचालित की जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि 17 सितम्बर से 02 अक्र्टबर तक जिले के निर्धारित स्वास्थ्य केन्द्रो पर क्रमानुसार रक्तदान शिविरों एवं स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया जाए। सभी नगरीय निकायों तथा ग्राम पंचायतों में 17 सितंबर से 02 अक्टूबर तक स्वच्छता गतिविधियां आयोजित की जाएं और नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में एक पेड़ मां के नाम और एक बगिया मां के नाम अभियानों के तहत पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किए जाएं। अभियान के तहत सभी नगरीय निकायों एवं बड़ी ग्राम पंचायतो में नमो पार्क, नमो वन, नमो उपवन विकसित किए जाएं। जिले में विद्यालय स्तर एवं जिले स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन किया जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि 27 एवं 28 सितम्बर को सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के लिए जिले स्तर पर विशेष शिविर लगाकर उपकरणों का वितरण सुनिश्चित किया जाए। 02 अक्टूबर को आमजन में खादी बस्तुओं एवं वस्त्रों, स्थानीय उत्पादों और हस्तशिल्प के क्रय को प्रोत्साहन किया जाये। इसके लिए महिला स्व-सहायता समूहो, स्थानीय कारीगरों द्वारा निर्मित उत्पादों की प्रदर्शनियां लगाई जाएं। इसके साथ ही विकसित भारत थीम पर जिले के समस्त स्कूल कॉलेजों में चित्रकला, वाद-विवाद, निबंध प्रतियोगिता एवं संगोष्ठी आयोजित की जाएं।
0 Comments