गंभीर परिस्थितियों में मरीज की जान बचाने के लिए करें एयर एंबुलेंस का उपयोग - कलेक्टर पर्यावरण संरक्षण के दृष्टिगत मिट्टी की मूर्तियों के उपयोग को दिया जाए बढ़ावा - कलेक्टर पानी लेने के लिए टिल्लू पंप का उपयोग करने वालों के पंप किए जाएं जब्त - कलेक्टर 5000 से अधिक गायों के आश्रय के लिए निर्मित होने वाली गौशालाओं के लिए शीघ्र करें भूमि चिन्हांकन की कार्यवाही - कलेक्टर टीएल बैठक आयोजित


सीहोर, 18 अगस्त, 2025  कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में जिला पंचायत सभाकक्ष में टीएल बैठक आयोजित की गई। बैठक में उन्होंने सभी विभागों के समय-सीमा प्रकरणों और सीएम हेल्पलाइन में लंबित प्रकरणों की समीक्षा की और समय सीमा के भीतर सभी प्रकरणों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए।   

  बैठक में उन्होंने सभी एसडीएम को निर्देश दिए कि आने वाले गणोशोत्सव एवं नवरात्रि के दौरान पर्यावरण संरक्षण को ध्यान में रखते हुए यह प्रयास किया जाए कि मूर्तियों का निर्माण पीओपी से नही हो बल्कि मिट्टी से हो। ताकि पीओपी से बनीं मूर्तिंयों के विसर्जन से पर्यावरण को होने वाले नुकसान को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि स्थानीय मूर्तिकारों को मिट्टी की मूर्ति बनाने और नागरिकों को मिट्टी की मूर्तियां खरीदने के लिए प्रेरित किया जाए। उन्होंने कहा कि इसके लिए स्थानीय स्तर पर लोगों को जागरूक किया जाए। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि सीहोर में 14 जनवरी 1858 को आजादी के लिए प्राण न्योछावर करने वाले 358 अमर शहीदों की स्मृति में बनाए गए स्मारक एवं शहीद स्थल परिसर के संचालन और रखरखाव के लिए नगर पालिका सीएमओ तथा जनपद सीईओ बैठक कर कार्ययोजना बनाएं।   कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार द्वारा गंभीर परिस्थितियों में मरीज की जान बचाने के लिए निशुल्क एयर एंबुलेंस योजना चलाई जा रही है। उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए हैं कि ऐसी गंभीर परिस्थितियों के निर्मित होने पर मरीज की जान बचाने के लिए एयर एंबुलेंस की आवश्यकता हो तो उसका उपयोग किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने वाले व्यक्ति को राहवीर योजना के तहत 25 हजार रूपये के पुरस्कार से पुरस्कृत किया जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि जिले में होने वाले ज्ञात तथा अज्ञात वाहनों की दुर्घटनाओं में मृत व्यक्तियों के परिजनों को राहत राशि प्रदान करने की करवाई शीघ्रता से की जाए। इसके साथ ही घायलों को केंद्र सरकार की कैशलेश उपचार योजना का भी लाभ दिलाया जाए। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि संबंल योजना के लंबित भुगतान के प्रकरणों में शीघ्र भुगतान की कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही संबंल योजना के हितग्राहियों की परिवार आईडी को अपडेट किया जाए ताकि भुगतान में विलंब न हो।

 बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने ग्रामीण उपभोक्ताओं तक प्रेशर के साथ पानी पहुंचने में हो रही समस्या की जानकारी मिलने पर कहा कि टिल्लू पंप उपयोग करने से ग्राम के आखिरी उपभोक्ता तक पानी का दबाव कम हो जाता है, इससे कई उपभोक्ताओं तक पर्याप्त मात्रा में पेयजल नहीं पहुंच पाता। उन्होंने कहा कि टिल्लू पंप का उपयोग करने वाले उपभोक्ताओं के टिल्लू पंप जब्त करने की कार्रवाई की जाए। बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि नेशनल हाईवे, रेल परियोजनाओं, सिंचाई सहित विभिन्न परियोजनाओं के लिए भू अर्जन, मुआवजा वितरण, अर्जित भूमि का नामांतरण एवं कब्जा दिलाने के कार्य में प्रगति लाई जाए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि नगरीय निकायों में पीएम आवास निर्माण के लिए भूमि चिन्हांकन की कार्रवाई जल्द की जाए।

 बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि जिले में जहां 5000 से अधिक गायों के आश्रय के लिए बड़ी गौशालाएं बनाई जाना हैं, उनके लिए संबंधित एसडीएम एवं तहसीलदार गौशालाओं के लिए भूमि उपलब्ध कराएं। उन्होंने वन खंडों के व्यवस्थापन एवं वन ग्रामों के राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन की अब तक की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए सभी राजस्व एवं वन अधिकारियों को निर्देश दिए कि वन व्यवस्थापन एवं संपरिवर्तन की कार्यवाही में गति लाई जाए। कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि शासन के नियमों के अनुरूप सभी कार्यवाही सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि राजस्व एवं वन विभाग के अधिकारी समय समय पर बैठक और समन्वय कर वन व्यवस्थापन और संपरिवर्तन के गतिरोध को दूर करें। 

  बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित पेंशन प्रकरणो एवं आगामी माहों में सेवानिवृत्त होने वाले शासकीय सेवकों के पेंशन प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सेवानिवृत होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के सभी स्वत्वों एवं पेंशन का भुगतान सेवानिवृत्ति के साथ ही हो। उन्होंने निर्देश दिए कि शासकीय कर्मचारियों के सेवा अभिलेख सेवानिवृत्ति से पहले ही पूर्ण कर लिए जाएं। उन्होंने निर्देश दिए कि लंबित पेंशन प्रकरणों को शीघ्र पूर्ण कर जिला पेंशन कार्यालय को भेजें। बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन, अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर सुश्री वंदना राजपूत, एसडीएम श्री नितिन टाले, श्री तन्मय वर्मा, डिप्टी कलेक्टर श्रीमती स्वाति मिश्रा, श्री सुधीर कुशवाह सहित सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।



 



Post a Comment

0 Comments