सीहोर, 21 अगस्त, 2025 आगामी गणेश चतुर्थी के अवसर पर सीहोर के श्री चिंतामण गणेश मंदिर दस दिवसीय गणेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस आयोजन की तैयारियों के संबंध में कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के तथा एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों को तैयारियों के संबंध में आवश्यक दिशा निर्देश दिए।

बिजली व्यवस्था के संबंध में निर्देश

बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान बिजली विभाग द्वारा मंदिर परिसर एवं पहुंच मार्गों पर पर्याप्त बिजली व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। विद्युत टीम एक्टिव मोड पर रखा जाए ताकि जाए जिससे किसी प्रकार की घटना होने पर तत्काल घटना को कंट्रोल किया जा सके। सम्पूर्ण मेला/मंदिर परिसर एवं मार्गो पर बिजली के कनेक्शन दूर एवं सुरक्षित नो-मैन जोन किये जाएं। विद्युत अधिकारियों/कर्मचारियों की 24 घंटे शिफ्ट-बार ड्यूटी लगाई जाए। मेला परिसर में बने कंट्रोल रूम में विद्युत विभाग की टीम की ‍ड्यूटी लगाई जाये।

साफ-सफाई व्यवस्था के संबंध में निर्देश

 बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान आयोजन स्थल पर साफ सफाई पर विशेष ध्यान दिया जाए। नगर पालिका द्वारा अस्थायी चलित शौचालयों की व्यवस्था की जाए। आयोजन स्थल पर सफाई कर्मचारियों की ड्यूटी लगायी जाये। कचरा ढोने वाले वाहनों की व्यवस्था की जाये।

चिकित्सा व्यवस्था संबंधी निर्देश

  बैठक में उन्होंने सीएमएचओ को निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं मेला स्थल पर सम्पूर्ण आयोजन अवधि में आवश्यक चिकित्सा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। इसके साथ ही चिकित्सा सेवा उपलब्ध कराने के लिए मेडिकल एवं पैरामेडिकल टीम की ड्यूटी लगाई जाए। आयोजन स्थल पर एम्बुलेंस मय स्टाफ, जीवन रक्षक दवाओ एवं अन्य आवश्यक दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था की जाये। आयोजन स्थल पर मिनी आईसीयू का सेटअप लगाया जाये एवं पर्याप्त संख्या में चिकित्सक मय स्टाफ की ड्यूटी 24 घंटे लगाई जाए।

खाद्य सामग्री एवं प्रसाद की जांच संबंधी निर्देश

 उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर एवं मेला परिसर के आस-पास खाद्य सामग्री की जांच कर नकली एवं मिलावटी सामग्री के विक्रय को रोका जाए और कार्रवाई की जाए। होटल, दुकानों एवं भोजनालयों आदि की जांच करने के लिए दल गठित किया जाये।

सुरक्षा व्यवस्था के संबंध में निर्देश

    बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि आयोजन के दौरान मंदिर परिसर एवं आस-पास श्रद्धालुओं की अत्यधिक भीड़ रहती है एवं दिन-रात आवागमन होता रहता है। उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर एवं मेला परिसर के आस-पास कंट्रोल रूम स्थापित किये जाये एवं सी.सी.टी.वी कैमरे लगाये जाएं। शहर में यातायात व्यवस्था नियंत्रण एवं ट्रैफिक डायवर्सन के लिए बैरिकेड लगाये जाएं। सुरक्षा व्यवस्था के लिए समुचित पुलिस, होम गार्ड, कोटवारों की ड्यूटी लगायी जाये। कंट्रोल रूम में पर्याप्त पुलिस बल जिम्मेदार अधिकारी के साथ 24 घंटे रखे जाए। रेल्वे स्टेशन, बस स्टैण्ड एवं टोल नाको पर पुलिस कर्मचारी लगाकर आने वाली भीड़ का लगाकर आंकलन किया जाये। जिला सेनानी, होम गार्ड, एसडीआरएफ की टुकड़ियों को आपात स्थिति निर्मित होने पर आवश्यक प्रबंधन करने के लिए पाबंद किया जाए। मंदिर परिसर में पब्लिक अनाउंसमेंट सिस्टम की व्यवस्था की जाये। मेले में लगने वाले झूलों का सुरक्षा ऑडिट किया जाये। व्यवस्था में लगाये गये सभी अधिकारी-कर्मचारी किसी प्रकार की घटना होने पर तत्काल कंट्रोल रूम में संपर्क करें।

दुकान व्यवस्था के संबंध में निर्देश

उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर परिसर एवं मंदिर पहुँच मार्गों पर किसी भी प्रकार की प्रसाद सामग्री, मनिहारी एवं अन्य दुकानें न लगायी जायें। इसके लिए नगर पालिका द्वारा पहले से ही व्यवस्थाएं कर ली जाएं। मेला परिसर में दुकानों के लिए चूने से ले-आउट डाला जाए एवं विधि अनुरूप दुकानों का आवंटन किया जाए। यह सुनिश्चित किया जाये की अनुमति के अतिरिक्त अन्य स्थानों पर दुकानों का संचालन न किया जाये।

पुलिस, परिवहन एवं पार्किंग व्यवस्था के संबंध में निर्देश

 बैठक में उन्होंने निर्देश दिए कि मंदिर पहुँच मार्ग पर विशेष पुलिस पेट्रोलिंग टीम की ड्यूटी लगाई जाए, जो पार्किंग स्थल पर ही पार्किंग कराएं। इसके साथ ही पार्किंग के लिए साइन बोर्ड फ्लेक्स लगाये जायें। सीहोर नगर में भारी वाहनों का प्रबंधन एवं यातायात नियंत्रण पुलिस विभाग द्वारा सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने निर्देश दिए कि पार्किंग के लिए पहले ही सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि ट्रैफिक की समस्या न हो।

मार्ग सुधार के संबंध में निर्देश

 उन्होंने निर्देश दिए कि मेले के आयोजन के दौरान रोड पर श्रद्धालुओं के आवागमन में समस्या न हो इसके लिए समस्त पहुँच मार्गो का सुदृढ़ीकरण कर गड्ढों की मरम्मत की जावे। ताकि श्रद्धालुओं को कोई असुविधा न हो।

अन्य निर्देश

     बैठक में उन्होंने पर्याप्त पेयजल व्यवस्था, फायर ब्रिगेड, वालंटियर व्यवस्था, मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं सहित अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए।

यह थे उपस्थित

  बैठक में जिला पंचायत सीईओ डॉ नेहा जैन, डीएफओ श्रीमती अर्चना पटेल, अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, एसडीएम श्री तन्मय वर्मा सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।