सीहोर, 03 जुलाई, 2025 कलेक्टर श्री बालागुरू के. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने संबंधित अधिकारियों से जिले में सड़क दुर्घटनाओं को रोकने तथा यातायात को सुगम बनाने के संबंध में विस्तार से चर्चा की और आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि वाहनों की ओवर स्पीडिंग रोकने के लिए हाईवे के टोल नाको के पास स्पीड राडार गन द्वारा वाहनों पर कार्यवाही की जाए। इसके साथ ही रोड़ निर्माण एजेंसी जिले की सभी सड़कों का सर्वे करें और यह सुनिश्चित करें कि सभी सड़कों पर संकेतक लगे हों और पुल एवं पुलिया क्षतिग्रस्त स्थिती में न हो। उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी जलमग्नीय पुल एवं पुलियों पर वर्षा ऋतु के दौरान बैरिकेडिंग की जाए और संकेतक लगाए जाएं। इसके साथ ही निगरानी के लिए कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि सीहोर नगर में अतिक्रमण वाले स्थानो पर अतिक्रमण हटाने की कार्यवाही की जाए ताकि यातायात संचालन में बाधा उत्पन्न न हो।
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि नगर मे चल रहे निर्माण कार्यों के बीच में आने वाले बिजली के खंभे शिफ्ट करने की कार्यवाही की जाये ताकि निर्माण कार्य मे बाधा न हों। इसके साथ ही सभी वाहन चालको के लिए नेत्र परीक्षण शिविर आयोजित किए जायें। उन्होंने कहा कि यातायात निमयों के बारे में नागरिकों को जागरूक किया जाए ताकि वे इन नियमों को समझते हुए इनका कढ़ाई से पालन कर सकें। बैठक एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने निर्देश दिए कि शराब पीकर गाड़ी चलाने वालों तथा लापरवाही से वाहन चलाने वाले वाहन चालकों के लाइसेंस निलंबित करने की कार्रवाई की जाए।
बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला ने निर्देश दिए कि सड़क दुर्घटनाओं को रोकने के लिए तथा यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए निरंतर वाहनों की चेकिंग की जाएं और चालानी कार्रवाई की जाए। इसके साथ ही वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने के लिए लोगों को प्रेरित किया जाएं और हेलमेट न लगाने पर चालानी कार्रवाई की जाए। उन्होंने कहा कि दुर्घटना संभावित चिन्हित स्थानों का संयुक्त रूप से भ्रमण करें और दुर्घटनाओं को रोकने के लिए संबंधित विभाग आवश्यक उपाय करें। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में पहले 26 ब्लैक स्पॉट थे, जिनपर दुर्घटनाओं को रोकने के लिए आवश्यक उपाय किए गए और अब जिले में कुल 08 ब्लैक स्पॉट शेष रह गए हैं, जिनपर दुर्घटनाओं को रोकने के उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने निर्देश दिए कि पशुओं के रोड़ पर होने से वाहन दुर्घटनाओं को दृष्टिगत रखते पशुओं को सड़क से हटाकर गौशालाओं में छोड़ा जाए। बैठक में एएसपी श्रीमती सुनीता रावत, डिप्टी कलेक्टर श्री सुधीर कुशवाह, कार्यपालन यंत्री श्री बीएल अहिरवार, आरटीओ श्री रीतेश तिवारी, सीएमएचओ श्री सुधीर डेहरिया, यातायात प्रभारी श्री ब्रजमोहन धाकड़ सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने वाले को मिलेगा 25 हजार का इनाम
कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति की जान बचाने वाले व्यक्ति को पुरस्कृत किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भारत सरकार के भूतल परिवहन मंत्रालय द्वारा सड़क दुर्घटनाओं को रोकने, दुर्घटना में घायलों की जान बचाने तथा शीघ्र उपचार उपलब्ध कराने के लिए राहवीर योजना संचालित की जा रही है। दुर्घटना में घायल होने के बाद घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले व्यक्ति से पुलिस द्वारा पूछताछ नहीं की जायेगी। जान बचाने पर संबंधित व्यक्ति को 25 हजार रुपये का पुरस्कार कलेक्टर की अध्यक्षता में गठित समिति के निर्णय के पश्चात दिया जायेगा।
.jpeg)
.jpeg)
0 Comments