कानून व्यवस्था के साथ ही राजस्व संबंधी काम राजस्व अधिकारियों का मूल कार्य है - कलेक्टर भू अर्जन में आने वाले गतिरोध का संयुक्त टीम बनाकर किया जाये निराकरण - कलेक्टर राजस्व संबंधी प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल पर करें दर्ज - कलेक्टर कलेक्टर ने की राजस्व संबंधी कार्यों की अनुभागवार एवं तहसीलवार समीक्षा




सीहोर, 22 मई, 2025  कानून व्यवस्था और तात्कालिक परिस्थितियों की आवश्यकता के कार्यों के साथ ही राजस्व संबंधी काम सभी राजस्व अधिकारियों का मूल कार्य है। अपने राजस्व संबधी मूल कार्यों को सभी राजस्व अधिकारी सर्वोच्च प्राथमिकता के साथ समय सीमा में करना सुनिश्चित करें। यह निर्देश कलेक्टर श्री बालागुरू के ने कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित राजस्व अधिकारियों की बैठक में दिए। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने जिले के राजस्व संबंधी कामों की अनुभागवार एवं तहसीलवार विस्तार से समीक्षा की।   


      बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के ने कहा कि राजस्व अधिकारी सभी राजस्व संबंधी प्रकरणों को आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज करें और समय सीमा में उनका निराकरण करें। उन्होंने कहा कि सभी राजस्व अधिकारी पारित आदेशों पर समय पर अमल भी करें। उन्होंने कहा कि यह सुनिश्चित किया जाए कि सभी प्रकरण आरसीएमएस पोर्टल पर दर्ज हों। उन्होने समय समय पर राजस्व न्यायालयों का निरीक्षण करने के भी निर्देश दिए। इसके साथ ही राजस्व प्रकरणों के निराकरण एवं आरयूटीएस पर अभिलेखों के अमल की सतत मॉनिटरिंग भी की जाए। उन्होंने वन ग्रामों के राजस्व ग्रामों में संपरिवर्तन तथा वन खंडो के व्यवस्थापन के कार्य में गति लाने के निर्देश दिए। 


      कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने कहा कि सभी परियोजनाओं के लिए भू अर्जन, मुआवजा वितरण एवं अवार्ड पारित करने की कार्यवाही जल्द करने का प्रयास किया जाए। उन्होंने कहा कि भू अर्जन में आने वाले गतिरोध का संयुक्त टीम बनाकर निराकरण किया जाये। इसके साथ ही अर्जित भूमि का नामांतरण किया जाए तथा संबंधित निर्माण विभाग या एजेंसी को कब्जा सौंपा जाये। ताकि संबंधित प्रोजेक्ट प्रारंभ होने में विलंब न हो। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को निर्देश दिए कि राजस्व प्रकरणों को अभिलेखागार में जमा कराने का कार्य नई ऑनलाईन व्यवस्था के अनुसार किया जाये। बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने वक्फ संपत्तियों का सत्यापन, धारणाधिकार के प्रकरणों का निराकरण, लक्ष्य के अनुसार राजस्व वसूली, न्यायालयों के प्रकरणों में कार्यवाही तथा राजस्व विभाग की सीएम हेल्पलाइन के निराकरण के संबंध में भी आवश्यक निर्देश दिए। बैठक में अपर कलेक्टर श्री वृंदावन सिंह, संयुक्त कलेक्टर श्री नितिन टाले, सुश्री वंदना राजपूत, श्री आनंद सिंह राजावत, डिप्टी कलेक्टर श्री सुधीर कुशवाह सहित सभी एसडीएम, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित सभी राजस्व एवं वन अधिकारी उपस्थित थे।

जलगंगा संवर्धन अभियान संबंधी निर्देश

   बैठक में कलेक्टर श्री बालागुरू के. ने निर्देश दिए कि जल संरक्षण के उद्देश्य से शासन द्वारा चलाए जा रहे जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में अधिक से अधिक जल संरक्षण गतिविधियां आयोजित की जाएं। इसके साथ ही जनभागीदारी से जल स्त्रोतों के जीर्णोद्धार का कार्य कराया जाए। उन्होंने कहा कि जल गंगा संवर्धन अभियान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता का अभियान है, इस अभियान को सफल बनाने के लिए निरंतर कार्य किया जाए और अभियान की गतिविधियों की मॉनिटरिंग भी की जाए।



 



Post a Comment

0 Comments