सीहोर, 17 मई, 2025 मध्यप्रदेश शासन के गृह विभाग द्वारा प्रदेश में सिविल डिफेंस वालंटियर संगठन को सुदृढ़ करने के प्रयासों के तहत सीहोर जिले में स्वयंसेवकों के नामांकन और प्रशिक्षण का एक महत्वपूर्ण चरण सफलतापूर्वक पूरा कर लिया गया है। कलेक्टर श्री बालागुरू के. तथा एसपी श्री दीपक कुमार शुक्ला के निर्देशानुसार प्रशिक्षण के तहत सीहोर जिले में कुल 2641 सिविल डिफेंस वालंटियर नामांकित किए गए हैं।
इसके तहत 12 मई से 17 मई तक आयोजित प्रशिक्षण में 2345 सिविल डिफेंस स्वयंसेवकों को गहन प्रशिक्षण प्रदान किया गया। इस प्रशिक्षण सत्र का मुख्य उद्देश्य स्वयंसेवकों को विभिन्न आपातकालीन स्थितियों जैसे युद्ध के समय हवाई हमले, आगजनी अथवा किसी भी प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं के दौरान अपनी और दूसरों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के तरीकों से अवगत कराना था। प्रशिक्षण में स्वयंसेवकों को सिखाया गया कि इन विषम परिस्थितियों में वे किस प्रकार अपनी और अपने समुदाय की सुरक्षा को प्रभावी ढंग से संभाल सकते हैं। प्लाटून कमांडर श्री महेंद्र वर्मा, श्री अशोक पाटीदार एवं एएसआई श्री सीएस चंदेरिया ने बताया कि यह पहल मध्यप्रदेश सरकार की आपदा प्रबंधन तैयारियों को मजबूत करने और आम नागरिकों को आपातकालीन स्थितियों में प्राथमिक प्रतिक्रियाकर्ता के रूप में सशक्त बनाने की प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
.jpeg)
.jpeg)
.jpeg)
0 Comments