जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत जिले में संचालित की जा रही अनेक गतिविधियां विद्यार्थियों ने कविता, चित्रकला एवं स्लोगन के माध्यम से किया जागरूक

 





सीहोर, 20, अप्रैल 2025   राज्य शासन के निर्देशानुसार प्रदेश के साथ ही सीहोर जिले मे 30 मार्च से 30 जून तक जल गंगा संवर्धन अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत जिले भर में जल संरक्षण से संबंधित अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। अभियान के तहत आमजन को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए दीवार लेखन, जागरूकता रैली, पोस्टर बैनर, ग्राम सभाएं, कलश यात्राएं सहित अनेकों गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। अभियान के तहत जिले के अनेक ग्रामों में कूप मरम्मत, तालाब जीर्णोद्धार, डैम की साफ-सफाई सहित अनेक कार्य किए जा रहे हैं तथा नागरिकों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई जा रही है।

  उल्लेखनीय है कि जल गंगा संवर्धन अभियान के अंतर्गत जिले में जल संरक्षण एवं संवर्धन से संबंधित खेत, तालाब, अमृत सरोवर, परकोलेशन टैंक, डगवेल, तालाब जीर्णोद्धार, जनभागीदारी के कार्य, कूप एवं बाउंड्री मरम्मत के कार्य किए जा रहे हैं। जल गंगा संवर्धन अभियान का प्रमुख उद्देश्य जनभागीदारी से जल संरक्षण तथा संवर्धन सुनिश्चित करना है। इस अभियान के अन्तर्गत समाज की भागीदारी तथा और विभिन्न सहयोगी विभागो की समेकित पहल से मुख्यत जल संरक्षण संरचनाओं के निर्माण, भूजल संवर्धन, पूर्व से मौजूद जल संग्रहण संरचनाओं की साफ सफाई एवं जीर्णोद्धार करना है। इसके साथ ही जल स्त्रोत में प्रदूषण कम करना, साफ सफाई करना, पौधरोपण के कार्य किए जा रहे हैं। इसके साथ ही जल संरक्षण एवं जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जा रहा है।

विद्यार्थियों ने कविता, चित्रकला एवं स्लोगन के माध्यम से किया जागरूक

  जल गंगा संर्वधन अभियान के तहत जन अभियान परिषद् द्वारा सीहोर में मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने जल सरंक्षण के महत्व से संबंधित कविताओं की प्रस्तुती दी तथा चित्रकला एवं स्लोगन लिखकर जल संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इसके साथ ही सभी को जल स्त्रोतों के सरंक्षण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम में विकासखंड समन्वयक श्री प्रदीप सिंह सेंगर सहित अन्य सदस्य एवं विद्यार्थी उपस्थित थे।

जल संरक्षण के प्रति छात्र-छात्राओं को किया जागरूक

  जल गंगा संर्वधन अभियान के तहत जन अभियान परिषद द्वारा भैरूंदा विकासखंड में संचालित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करने के लिए संगोष्ठी आयोजित की गई। कार्यक्रम में ब्लॉक समन्वयक श्री इंदर सिंह निकुम सहित अन्य सदस्य उपस्थित थे।

Post a Comment

0 Comments