यह बजट भाजपा प्रदेश सरकार का बातों के बताशे वाला बजट, जनहित सफाचट -राजीव गुजराती



सीहोर। मध्यप्रदेश भाजपा सरकार के वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने आज जो बजट पेश किया है, उसमें सिर्फ बातों के बताशे बनाए गए हैं और जनहित का मुद्दा पूरी तरह सफाचट है। उक्त बयान जारी करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष राजीव गुजराती ने बताया कि हद तो इस बात की है कि चुनाव के बाद दूसरा बजट पेश कर दिया गया लेकिन चुनाव में किए गए वादे अब तक नहीं निभाए गए।

मध्यप्रदेश की बहनें इस बात की प्रतीक्षा कर रही थीं कि बजट में उन्हें ₹3000 प्रति महीने लाड़ली बहना योजना में दिए जाने की घोषणा की जाएगी। लेकिन सरकार अभी भी 1250 पर ही अटकी है। जबकि भाजपा के मंत्रियों द्वारा चुनावी वादे के बारे में ना तो एक शब्द बोला गया और ना ही वादों पर खरे उतरे। दूसरी तरफ जब से वर्तमान भाजपा सरकार बनी है तब से लाड़ली बहना योजना में बहनों की संख्या लगातार कम की जा रही है।

इसी तरह किसान भाइयों को उम्मीद थी कि बजट में गेहूं और धान का न्यूनतम समर्थन मूल्य भाजपा के चुनाव घोषणा पत्र के अनुसार ₹2700 प्रति क्विंटल और 3100 रुपए प्रति क्विंटल करने की घोषणा की जाएगी। लेकिन इस बारे में भी वित्त मंत्री ने एक शब्द नहीं बोला। वहीं 3 लाख नौकरियों का झांसा दिया गया था परन्तु सरकारी विभागों में पद खाली पड़े होने के बावजूद भी युवक-युवती बैरोजगारी का मार झेल रहे हैं और प्रायवेट जॉब करने हेतु पलायन करने को मजबूर है।

भाजपा सरकार ने 39 नए औद्योगिक क्षेत्रों में 3 लाख नौकरियों का वादा किया है, लेकिन सच्चाई यह है कि सरकारी विभागों में हजारों पद खाली पड़े हैं। हर साल लाखों युवा सरकारी नौकरियों की आस लगाए बैठते हैं, लेकिन सरकार की नीयत ही नहीं है कि वे भर्ती करें। यह वही झूठा वादा है जो हर बजट में किया जाता है, लेकिन कभी पूरा नहीं होता।  



भाजपा सरकार ने मध्य प्रदेश की जनता को फिर से एक छलावा भरा बजट दिया है। इस बजट में विकास की कोई ठोस योजना नहीं है, बल्कि इसे कर्ज बढ़ाने, कमीशनखोरी को संस्थागत करने और भ्रष्टाचार को मजबूत करने के लिए तैयार किया गया है। यह बजट भाजपा सरकार की असफलताओं और जनविरोधी नीतियों की पोल खोलता है। भाजपा सरकार द्वारा इस बार फिर किसानों को धोखा दिया गया है। कृषि लागत बढ़ी, लेकिन समर्थन मूल्य नहीं।

भाजपा के बजट की असली हकीकत यह है कि कर्ज लेकर प्रदेश को और कर्ज में डुबोना, नौकरियों के नाम पर सिर्फ झुठी घोषणाएं करना, चिकित्सा शिक्षा के नाम पर दिखावटी झुठे दावे करना, सडक़ और इंफ्रास्ट्रक्चर में भ्रष्टाचार, के साथ ही किसानों को पूरी तरह से निराश करना। यह बजट जनता के लिए नहीं, बल्कि भाजपा के भ्रष्टाचार को बढ़ाने के लिए लाया गया है। यह कर्ज और कमीशन का बजट है, जिसमें आम जनता, किसान, युवा और महिलाएं पूरी तरह से ठगे गए हैं। कांग्रेस इस जनविरोधी सरकार के खिलाफ हर स्तर पर जनता जनार्दन के साथ कन्धे से कन्धा मिलाकर लड़ाई लड़ते हुए जनता आवाज बुलंद करते रहेगी।



Post a Comment

0 Comments