सीहोर, 21 फरवरी, 2025 सीएमएचओ डॉ सुधीर डेहरिया के निर्देशानुसार राष्ट्रीय रेबीज कार्यक्रम, लू-ताप एवं सर्पदंश से बचाव तथा उपचार के लिए जिले की सभी स्वास्थ्य संस्थाओं के चिकित्सा अधिकारियों का एक दिवसीय प्रशिक्षण आयोजित किया गया। प्रशिक्षण में सभी चिकित्सा अधिकारियों को लू-ताप, रेबीज एवं सर्पदंश की पहचान तथा इसके लिए दी जाने वाली दवाइयों के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। प्रशिक्षण में चिकित्सा अधिकारियों को बताया गया कि लू से बचाव एवं उपचार के लिए आमजन को विभिन्न प्रकार से जागरूक किया जाना चाहिए। इसके साथ ही सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में जीवन रक्षक घोल की उपलब्धता के महत्व एवं अनिवार्यता के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। सभी चिकित्सा अधिकारियों को चिकित्सालयों में लू-ताप से ग्रसित मरीजों के लिए विशेष व्यवस्थाएं करने की सलाह दी गई।
इसके साथ ही राष्ट्रीय रेबीज कार्यक्रम के तहत रेबीज से बचाव एवं उपचार के बारे में प्रशिक्षण देते हुए बताया गया कि सभी मेडिकल ऑफिसरों को स्वास्थ्य संस्थाओं में रेबीज के इंजेक्शन की उपलब्धता सुनिश्चित करना आवश्यक है तथा गंभीर स्थिति में रेफर करने की सलाह दी गई। प्रशिक्षण में बताया गया कि सर्पदंश से बचाव एवं उपचार के लिए सभी शासकीय संस्थाओं में सर्पदंश एंटी वेनम इंजेक्शन उपलब्ध होना आवश्यक है तथा यदि मरीज की स्थिति गंभीर हो तो तुरंत रेफर करना चाहिए। इसके साथ ही डॉ रुचिरा उइके द्वारा हेपेटाइटिस एबीसीई प्रबंधन के बारे में भी प्रशिक्षण दिया गया।
.jpeg)
.jpeg)
0 Comments