सीहोर। आंगनबाड़ी की महिला कार्यकर्ताओं ने बुधवार को गंभीर आरोप लगाए हैं।
कलेक्ट्रेट पहुंची पीड़ित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने महिला बाल विकास विभाग के कुछ अधिकारियों और सुपरवाइजरों पर मानसिक, शारीरिक एवं आर्थिक शोषण करने की लिखित शिकायत
कलेक्टर को की है।
आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने पूरे मामले की जांच किए जाने और समस्या के निराकरण की मांग करते हुए डिप्टी कलेक्टर स्वाति मिश्रा को बताया कि आंगनवाड़ी कार्यकर्ता, सेक्टर एवं बाल विकास विभाग का उद्देश्य महिलाओं का सशक्तिकरण और विकास करना है लेकिन वर्तमान में विभाग के कुछ अधिकारियों और सुपरवाइजर के व्यवहार के कारण हम कार्यकर्ता शारीरिक, मानसिक और आर्थिक रूप से अत्यधिक प्रताड़ित हो रही हैं। इससे हमारा मनोबल टूट रहा है जिससे विभागीय और हमारे घरेलू कार्य प्रभावित हो रहा है।
आक्रोशित आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि पहले सेक्टर कार्यालय से सामग्री गांव सेक्टर तक पहुंचाई जाती थी। अब हमें सीहोर कार्यालय बुलाकर सामग्री दी जाती है। आने-जाने और भाड़े में काफी रुपए खर्च हो रहे हैं यह राशि विभाग हमें नहीं देता है। यही नहीं महिला कार्यकर्ताओं के लिए कार्यालय में शौचालय की सुविधा भी नहीं है। शौचालय में ताला लगा रहता है और कहा जाता है कि बाहर ग्राउंड में चली जाओ। यह महिलाओं की गरिमा के विरुद्ध है।
विभाग के अधिकारियों के द्वारा महीने में 4-5 बार मीटिंग प्रोग्राम के लिए बुलाया जा रहा है जिस का भत्ता नहीं दिया जाता है। यदि कोई हितग्राही या सरपंच कार्यकर्ता का अपमान करता है तो अधिकारी कार्यकर्ता का पक्ष न लेकर उसी की कमियां निकालकर सबके सामने बेइज्जत करते हैं। समूह या सहायिका की गलती होने पर बिना नोटिस वेतन केवल कार्यकर्ता का काटा जाता है।
कलेक्ट्रेट पहुंची आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं में शकुन सोनी, शीला मेवाड़ा, हेमलता मेवाड़ा, रेणुका वर्मा, सुनीता प्रजापति, रामसभा परमार, नर्बदी यूके।प्रीति, पुष्पा, सरोज, धापू, प्रीति रघुवंशी, यशोदा, तुलसी मालवीय, विमला परमार, रेणुका सेन, सुरुणा वर्मा, वेवी कुवर, अनीता वर्मा, प्रिती मालवीय, रीना मेवाड़ा, रेखा, साजिदा बी, मनीषा वर्मा, तारा शर्मा, संगीता वर्मा, रेनू पिपलोदिया, शावना अली,नैन्सी आदि शामिल रही।

0 Comments