सीहोर। सीहोर जिले के ग्राम बड़वेली में विद्युत विभाग की कथित लापरवाही से हुए गंभीर हादसे के विरोध में मंगलवार को किसान व समाजसेवी एम.एस.मेवाड़ा के नेतृत्व में दर्जनों गांवों के किसान कलेक्ट्रेट पहुंचे और मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन सौंपकर पीडि़त किसान को न्याय दिलाने की मांग की। साथ ही कलेक्ट्रेट के सामक्ष धरना प्रदर्शन कर नारे बाजी की गई। किसानों ने प्रदर्शन के दौरान विद्युत विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी करते हुए दोषी अधिकारियों एवं कर्मचारियों पर सख्त कार्रवाई, पीडि़त किसान को उचित मुआवजा, संपूर्ण इलाज का खर्च तथा परिवार के एक सदस्य को शासकीय नौकरी देने की मांग उठाई।
प्रदर्शन में शामिल किसानों का कहना कि 18 जून 2026 को ग्राम बड़वेली निवासी किसान सतीश मेवाड़ा पिता प्रहलाद सिंह मेवाड़ा अपने खेत में ट्रैक्टर से कृषि कार्य कर रहे थे। इसी दौरान खेत के ऊपर से गुजर रही 11 केवी विद्युत लाइन, जो किसानों के अनुसार कई महीनों से जमीन से मात्र लगभग पांच फीट की ऊंचाई पर झूल रही थी, उसकी चपेट में आने से किसान गंभीर रूप से झुलस गए। किसानों का आरोप है कि विद्युत विभाग के खंभे लंबे समय से टेढ़े थे और कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद विभाग ने उन्हें ठीक नहीं कराया।
हादसे के बाद परिजन पहले किसान को स्थानीय सीहोर जिला चिकित्सालय लेकर पहुंचे, लेकिन हालत गंभीर होने पर उन्हें भोपाल के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे में किसान के हाथ और पैर गंभीर रूप से घायल हुए तथा चिकित्सकों को उनका एक हाथ काटना पड़ा। किसान की स्थिति अभी भी चिंताजनक बनी हुई है। जबकि इस घटना का शिकायती आवेदन तहसील श्यामपुर व थाना दोराहा में दी जा चुकि परन्तु 12 दिन बीत जाने के बाद भी कोई भी प्रशासनिक अधिकारी यहां तकि विद्युतविभाग के अधिकारी मौके पर नही पहुंचे तो ग्राम बड़वेली, चन्देरी, रातीखेड़ा, बमुलिया, जमनी, अंतिपुरा, महोडिय़ा, छापरी सहित दर्जनों अक्रोषित किसानों कलेक्ट्रेट कार्यालय जनसुनवाई में पहुंचे और नारे लगाते हुए जोरदार प्रदर्शन कर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नाम ज्ञापन तहसीलदार अमित सिंह एवं विद्युत मण्डल अधीक्षण यंत्री कार्यालय पहुंचकर डीजीएम सुमित अग्रवाल को ज्ञापन देकर मांग की गई है कि पीडि़त किसानों को तत्काल ईलाज के पैसे दिये जाये, मुआवजा एवं आर्थिक सहायता दिलाई जाये साथ ही पीडि़त किसान को विद्युत मण्डल कार्यालय में नौकरी दी जाये ताकि जख्मी किसान जो अब खेती नही कर पायेगा, उसके बच्चों का पालन पौषण हो सके। साथ दोषी विद्युत मण्डल के लाईन मेन व अधिकारी के खिलाफ कठोर कार्यवाही की जाये।
इस अवसर पर किसान व समाजसेवी एम.एस.मेवाड़ा के साथ प्रहलाद सिंह मेवाड़ा, मिट्ठुलाल मेवाड़ा, हीरालाल, उमराव सिंह, हरनाम सिंह, उधम सिंह ठाकुर, सुनील, मनोहर सिंह, सोहन, विनोद, रामचरण मेवाड़ा सहित बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।


0 Comments