श्रीराम हत्याकांड: परिजनों का एसपी कार्यालय पर प्रदर्शन, आरोपियों पर हत्या की धारा जोड़ने की मांग


सीहोर।
इछावर थाना क्षेत्र के ग्राम कालापीपल जागीर में जमीन विवाद के दौरान हुई मारपीट में घायल युवक श्रीराम वर्मा की मौत के बाद परिजनों ने सोमवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर प्रदर्शन किया। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ हत्या की धारा जोड़कर सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस प्रशासन को ज्ञापन सौंपा।

मृतक की पत्नी प्रिया वर्मा ने आवेदन में बताया कि घटना के दिन उनके पति श्रीराम वर्मा और चचेरे भाई अनार सिंह खेत में बख्खर चला रहे थे। इसी दौरान नेपाल वर्मा, अनूप सिंह, विमलेश वर्मा, चंदर सिंह और कैलाश वर्मा वहां पहुंचे और विवाद करते हुए गाली-गलौज शुरू कर दी। विरोध करने पर आरोपियों ने लाठी, डंडों, पत्थरों और हाथ-मुक्कों से दोनों के साथ मारपीट की।

आवेदन के अनुसार, नेपाल वर्मा ने श्रीराम के सिर पर डंडे से गंभीर वार किया, जबकि अन्य आरोपियों ने भी मारपीट की। बीच-बचाव के दौरान अनार सिंह को भी हाथ और पैरों में चोटें आईं। घायल श्रीराम को पहले इछावर सिविल अस्पताल और बाद में जिला अस्पताल सीहोर रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

परिजनों का आरोप है कि पुलिस ने इछावर थाने में दर्ज अपराध क्रमांक 174/2026 में केवल मारपीट की धाराओं में मामला दर्ज किया, जबकि घटना की गंभीरता और श्रीराम की मौत को देखते हुए भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(2) (हत्या) जोड़ी जानी चाहिए।

प्रदर्शन के दौरान परिजनों ने कहा कि आरोपियों ने जान से मारने की नीयत से हमला किया था, जिसके कारण 23 वर्षीय श्रीराम की असमय मौत हुई। उन्होंने पुलिस अधीक्षक से मामले में हत्या की धारा जोड़कर सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

Post a Comment

0 Comments